जयपुर. राजस्थान अधीनस्थ सेवा में चयनित हुए 851 अफसरों के लिए अच्छी खबर है। दो साल के बाद कार्मिक विभाग की ओर से इनका विभाग आवंटित कर दिया गया है। सोमवार को इनके नियुक्ति आदेश भी जारी कर दिए जाएंगे। विभागों में ज्वाइन करते ही इनका प्रशिक्षण शुरू कर दिया जाएगा।
राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से दो साल पहले परीक्षा ली गई थी। इसके नतीजे भी घोषित कर दिए गए थे, जिसमें 851 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए थे। सीटें खाली न होने के कारण उनकी तैनाती आदेश जारी नहीं हो पा रहा था। कार्मिक विभाग की ओर से तहसीलदार, सहकारिता, खाद्य एवं आपूर्ति, व्यवसायिक कर विभाग, उद्योग, महिला एवं बाल विकास सहित कुल नौ विभागों मं इनकी तैनाती की जाएगी। इसके लिए इनके विभाग आवंटित कर दिए गए। कार्मिक विभाग के अफसरों के अनुसार सोमवार तक तैनाती आदेश जारी हो जाएंगे।
ज्वाइनिंग के बाद अलग-अलग विभागों की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यकाल पूरा होने के बाद वापस विभाग में इनकी पोस्टिंग दी जाएगी। हर विभाग अपनी सुविधा के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम कराएंगे। सरकार के इस कदम से अब विभागों में अफसरों की चल रही कमी पूरी हो जाएगी।
नरेंद्र पाल सिंह का प्रमोशन आरएएस नरेंद्र पाल सिंह का प्रमोशन किया गया है। 2012-13 में खाली पद पर प्रमोशन किया गया है। शुक्रवार को कार्मिक विभाग की ओर से प्रमोशन आदेश जारी किया गया। उन्हें चार्जशीट जारी की गई थी, जिसके कारण उनका प्रमोशन नहीं हो पाया था। आरपीएससी ने जांच समाप्त होने के बाद यह आदेश जारी किया है।
कृषि अनुसंधान अधिकारी भर्ती परीक्षा में 15 तक आपत्ति
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा कृषि विभाग में अनुसंधान अधिकारी पदों के लिए आयोजित ऑनलाइन (कंप्यूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट) परीक्षा शुक्रवार को संपन्न हो गई। सचिव भगवत सिंह राठौड़ के अनुसार दोनों परीक्षाओं की उत्तर कुंजियां आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई हैं। किसी अभ्यर्थी को आपत्ति हो तो 13 से 15 फरवरी की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति आयोग की वेबसाइट पर दर्ज कराई जा सकती है।