जयपुर. सीतापुरा ग्लोबल सर्किल के निकट गुुरुवार दोपहर को स्कूली बच्चों से भरा मैजिक टेंपो बेकाबू हाेकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। इससे छह साल की बालिका की मौत हो गई। सूचना पर सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका हर्षिता के शव का महात्मा गांधी हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
इस संबंध में मृतका के चाचा बनवारी शर्मा ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने घटनास्थल से टैंपो जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोपहर 1 बजे के करीब एसआर इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों को घर छोड़ने मैजिक टैंपो जा रहा था। टैंपो मेंं दस बच्चे थे। इस दौरान ग्लोबल सर्किल के पास टैंपाे बेकाबू हो गया और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया।
इससे हर्षिता गंभीर घायल हो गई और तीन बच्चों के मामूली चोट आई। सभी घायलों को आस-पास से गुजर रहे लोगों नेे उपचार के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां पर उपचार के दौरान हर्षिता ने दम तोड़ दिया और अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।