- Hindi News
- हर सरकार वापस लेती आई है जनआंदोलन से जुडे़ केस
हर सरकार वापस लेती आई है जनआंदोलन से जुडे़ केस
हम जश्न बनाएं तो किसी को दर्द क्यों?
कांग्रेसराज में भाजपा नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के मामले में घिरे गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं किया जा रहा है। जनसमस्याओं को लेकर जन आंदोलनों के दौरान दर्ज मामलों में पूर्व की सरकारें भी लचीला रूख अपनाती रही है और इससे संबंधित कोर्ट में चल रहे मामलों को वापस लिया गया है। गौरतलब है कि कांग्रेस राज में भाजपा नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस होंगे शीर्षक से खबर प्रकाशित कर इसका खुलासा किया था। सचिवालय में गुरुवार को भास्कर से बातचीत में कटारिया ने कहा कि यह भाजपा-कांग्रेस का सवाल नहीं है। इसमें लोग आवेदन करते हैं। प्रक्रिया के तहत कलेक्टर, एसपी एवं एडीपी की रिपोर्ट मंगवाई जाती है। गृह विभाग की अपनी राय भी होती है। मामले की गंभीरता को देखा जाता है। इसके बाद ही मुकदमा वापस लेने का निर्णय होता है। जन समस्याओं को लेकर आंदोलन करने वालों के लिए सजा बहुत होती है कि वे चार-पांच साल से अदालतों के चक्कर लगा चुके हैं। रॉबर्ट वाड्रा पर कार्रवाई पर कटारिया ने माना कि भाजपा ने अपने चुनाव मेनिफेस्टो में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा के जमीन सौदों की जांच करवाएगी। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने यह मामला उठाया भी था, लेकिन इसको लेकर फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। इस कारण गृह विभाग के पास कोई जांच पेंडिंग नहीं है। दूसरा, जमीनों से संबंधित महकमा उनके पास नहीं है। इस बारे में और ज्यादा वे कुछ नहीं कह सकते। गृहमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में विधान परिषद गठन के मसले को लेकर सरकार में चर्चा चल रही है। इसके लिए कमेटी बनी हुई है। मामला प्रारंभिक स्टेज पर है। गठन को लेकर एक्ट बनेगा। राज्य सरकार की राय केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में अभी वक्त लगेगा।
कटारिया ने कहा कि राज्य सरकार ने अच्छे काम किए हैं। अब हम अपनी उपलब्धियों पर जश्न मनाएं तो किसी और को क्यों दर्द हो रहा है। हमें कोई आपत्ति नहीं है अगर कोई अच्छा काम करें और साल में दो बार भी जश्न मनाएं तो। गौरतलब है कि सरकार को एक साल पूरे होने पर भाजपा सरकार शनिवार को जश्न मना रही है। उधर, कांग्रेस ने प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन करने जा रही है।