- Hindi News
- जलदाय विभाग : 1.80 लाख युवाओं की उम्मीद फिर टूटी
जलदाय विभाग : 1.80 लाख युवाओं की उम्मीद फिर टूटी
जलदायविभागतकनीकी कर्मचारियों के 1294 पदों के लिए उम्मीद लगाए बैठे एक लाख 80 हजार अभ्यर्थियों को अभी और इंतजार करना होगा। एक ही पद के लिए दो बार आवेदन कर चुके इन अभ्यर्थियों को हो सकता है तीसरी बार आवेदन करना पड़े।
भर्ती नियम प्रक्रिया में लगातार किए जा रहे बदलावों के कारण पूरे मामले पर अब विधिक राय मांगी जा रही है। इसके बाद मंजूरी के लिए वित्त विभाग को फाइल भेजी जाएगी। इससे भर्ती प्रक्रिया उलझने के साथ ही लगातार देरी भी हो रही है। पहले भर्ती मैरिट इंटरव्यू के आधार पर होनी थी, लेकिन अब लिखित परीक्षा के आधार पर भर्ती करने की कवायद की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया बदलने के कारण विभाग को दुबारा से आवेदन लेने पड़ सकते हैं। दूसरी ओर विभाग के चीफ इंजीनियर (प्रशासन) अखिल जैन का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में बदलाव को लेकर विधिक राय मांगी जा रही है। इसके बाद ही भर्ती शुरू होगी।
जलदाय विभाग में 25 साल बाद पंप चालक, फिटर, मीटर रीडर, लाइनमैन सहायक के 1294 पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए सरकार ने अप्रैल 2013 में ही मंजूरी दे दी थी। विभाग यह भर्ती सर्किल वार कर रहा है। बाद में विभाग ने इस साल जून में आयु सीमा में छूट देते हुए 20 जून 2014 तक दुबारा आवेदन मांगे। आवेदन की अंतिम तारीख को बीते छह महीने हो गए हैं, लेकिन अभी तक भर्ती प्रक्रिया एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई है। जलदाय विभाग में सबसे ज्यादा 372 पदों पर जयपुर सिटी सर्किल में भर्ती होगी। जयपुर सिटी सर्किल में पंप चालक के 25, फिटर के 8, विद्युतकार के 6, मीटर रीडर के 12, लाइनमैन के 8 और सहायक के 313 पदों पर भर्ती की जाएगी।