कलेक्टर के साथ दौड़े बच्चे
सिटी रिपोर्टर मैराथनमें बच्चों का उत्साह उस समय और बढ़ गया, जब कलेक्टर ने भी उनके साथ दौड़ लगाई। सबने मिलकर भारत मां के जयकारे लगाए और स्पेशल ओलिंपिक की खुशी मनाई। मौका था रविवार को स्पेशल ओलिंपिक भारत, मैराथन का। जयपुर को पहली बार इस मैराथन की मेजबानी का मौका मिला है। नॉर्थ जोन में 12 राज्य हैं, जिसमें राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। मैराथन की शुरुआत जयपुर कलेक्टर कृष्ण कुनाल ने की। मैराथन में बच्चों ने टॉर्च लेकर अमर जवान ज्योति से विधानसभा और फिर विधानसभा से अमर जवान ज्योति तक दौड़ लगाई। स्पेशल ओलिम्पिक भारत के क्षेत्रीय निदेशक यूके पांडे ने बताया कि 6 दिवसीय प्रतियोगिता सवाई मानसिंह स्टेडियम में होगी। खेलों के लिए 50 से ज्यादा कोच और 100 से ज्यादा वॉलेंटियर्स सेवाएं देंगे। इसके तहत सोमवार को 14 गेम्स होंगे।