- Hindi News
- फर्जी दस्तावेज बनाकर छोटे भाई का प्लॉट बेचा, बड़ा भाई गिरफ्तार
फर्जी दस्तावेज बनाकर छोटे भाई का प्लॉट बेचा, बड़ा भाई गिरफ्तार
जयपुर. जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की संगठित अपराध शाखा ने सोमवार को छोटे भाई के प्लॉट के फर्जी कागज तैयार कर बेचने के आरोप में बड़े भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी बड़े भाई के खिलाफ अप्रैल में विद्याधर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। गिरफ्तार आरोपी पर जेडीए मानसरोवर थाने में एक दर्जन मामले पेंडिंग चल रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर बिपिन कुमार पांडे ने बताया कि दी शिवा गृह निर्माण सहकारी समिति के पूर्व मंत्री विद्याधर नगर निवासी धर्मचंद सैनी को गुड़गांव से गिरफ्तार किया है। धर्मचंद पर उसके छोटे भाई तुलसी राम ने विद्याधर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। तुलसी राम ने आरोप लगाया था कि 6डी, इंजीनियर कॉलोनी में बड़े भाई धर्मचंद से प्लॉट खरीदा था। खरीदे गए प्लॉट के फर्जी दस्तावेज बनाकर धर्म चंद ने दूसरे को बेच दिया। पुलिस की जांच में आरोप सही पाया गया था। इसके बाद से धर्मचंद फरार था। मुखबिर से उसके गुड़गांव में होने की जानकारी मिली। इसके बाद दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।