- Hindi News
- किसी भी सीएमएचओ ने नहीं भेजी एनपीएस की जानकारी
किसी भी सीएमएचओ ने नहीं भेजी एनपीएस की जानकारी
जयपुर| प्रदेशके एक भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नॉन प्रेक्टिसिंग सर्जन से संबंधित जानकारी नहीं भिजवाई है। उल्लेखनीय है ऐसे सर्जन का नॉन प्रेक्टिसिंग अनाउंस बंद करने की चिकित्सा मंत्री की घोषणा के बाद निदेशालय ने यह जानकारी मांगी थी।
चिकित्सा निदेशालय ने तीन दिसंबर को सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को पत्र भेजा था। जिसमें जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर तैनात शल्य चिकित्सकों के बारे में विवरण मांगा गया था। इनमें ऐसे शल्य चिकित्सकों के बारे में जानकारी मांगी गई जो शल्य क्रिया नहीं कर रहे हैं। साथ ही पूछा गया कि अस्पतालों में एनस्थिसिस्ट, प्रशिक्षित स्टाफ और ऑपरेशन थिएटर का पूरा विवरण भी मांगा गया। संयुक्त निदेशक ने सभी सीएमएचओ को फोन भी किया। इसके बावजूद सोमवार शाम तक एक भी जिले से सूचना नहीं भेजी। एडिशनल डाइरेक्टर (गजटेड) डॉ. वी.के. माथुर ने सोमवार शाम सभी सीएमएचओ को जानकारी तुरंत भेजने के लिए रिमाइंडर भेजा है।