गोविंद के दरबार में खनके डांडिया
जयपुर| आराध्यगोविंददेवजी मंदिर में नवरात्र पर रविवार को डांडिया रास हुआ। महंत अंजन गोस्वामी के सान्निध्य में 151 दीपकों की महाआरती के बाद पल्लवी संस्थान कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को जोड़ना शुरू किया। नागरपाड़ा गरबा मंडल के कलाकारों ने पारंपरिक गीत पर डांडिया किया। संगीत आश्रम के कलाकारों ने देवी को समर्पित डांडिया और बाल योगेश्वर मंडल के कलाकारों ने म्हारी मां है शेरावाली... की प्रस्तुति दी। दशा मां गरबा मंडल ने हेतल मां आबो ना... और संजोली ग्रुप ने मेरो राधा रमण गिरधारी...और भवानी गरबा मंडल ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोहा। अंत में सभी 300 कलाकारों ने राधे-राधे बोल कीर्तन पर डांडिया की प्रस्तुति दी।