जयपुर. प्रदेश में आर्गन ट्रांसप्लांट गेस्ट फैकल्टी की सहायता से शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही स्थानीय चिकित्सकों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा। अंतत: कुछ समय के बाद स्थानीय डॉक्टर्स ही नियमित रूप से ट्रांसप्लांट करेंगे। चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य भवन में आयोजित बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने में लीवर ट्रांसप्लांट शुरू करने का प्रयास जारी है और इसके लिए आवश्यक 153 उपकरणों की खरीद प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ट्रांसप्लांट के लिए सप्ताह सर्जरी, एनेस्थीसिया, नेफ्रोलॉजी, हिपाटॉलॉजी, पैथोलॉजी ब्लड बैंक के डॉक्टर्स डॉ. क्रिस बेरी से संपर्क करेंगे और उनसे आवश्यक मेडिकल जानकारियां प्राप्त करेंगे। ट्रांसप्लांट के लिए इच्छुक डॉक्टर्स से आवेदन लेकर उन्हें उच्च प्रशिक्षण के लिए भी भेजा जाएगा। प्रशासनिक और निदेशालय स्तर पर अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। मरीजों को ट्रांसप्लांट सम्बन्धी सवालों के जबाव देने के लिए टोल फ्री नंबर-104 के कॉल सेंटर की सुविधा विकसित की जाएगी। फाउंडेशन जयपुर सिटीजन फोरम के तत्वावधान में ब्रेन डेथ और अंगदान विषय पर आवश्यक प्रचार के लिए सेवाएं दी जाएंगी।