सिलेंडर महंगा,प्रदेशभर में आक्रोश
जयपुर। राज्यसरकार की ओर से रसोई गैस सिलेंडर पर मौजूदा 25 रुपए सब्सिडी खत्म किए जाने के साथ ही एजेंसी संचालकों की ओर से बढ़ी हुई दरों पर मंगलवार को सिलेंडरों की सप्लाई की गई। मंगलवार को सब्सिडी वाले सिलेंडर की बढ़ी हुई 420 रुपए की दर पर सिलेंडर उपभोक्ताओं को दिए गए। इसे लेकर कई जगह उपभोक्ताओं और हॉकरों के बीच बहस भी हुई।सब्सिडी खत्म किए जाने पर प्रदेश भर में रसोई गैस उपभोक्ताओं में इसे लेकर राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश छाया। कांग्रेस ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। असल में प्रदेश में गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को पहले से ही 4 से 5 दिन का बैकलॉग का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप यह भी है कि एजेंसियों की ओर से पिछले दिनों से सप्लाई भी घटा दी गई है। इस संबंध में एजेंसी संचालकों का कहना है कि तेज कंपनियों की ओर जितनी भी सप्लाई दी जा रही है, रोज उतनी ही उपभोक्ताओं तक पहुंच रही है। लोगों तक सिलेंडर समय पर इसलिए नहीं पहुंच रहे क्योंकि कंपनियों की ओर से ही बैकलॉग चल रहा है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने सब्सिडी वापस लिए जाने डीजल पर सेस लगाए जाने को जनता के साथ विश्वासघात बताया है। प्रदेश सरकार नीतिगत फैसले लेकर जनता पर बोझ डाल रही है। घरेलू सिलेंडर पर केन्द्र सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के अतिरिक्त प्रदेश सरकार की यह 25 रुपए सब्सिडी उपभोक्ताओं को राहत रूप में दी जा रही थी।