- Hindi News
- जनवरी के पंचायत चुनावों की तैयारी में राज्य निर्वाचन आयोग
जनवरी के पंचायत चुनावों की तैयारी में राज्य निर्वाचन आयोग
जयपुर। राज्यनिर्वाचन आयोग ने अगले साल जनवरी-फरवरी में प्रस्तावित पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2015 की तैयारियां शुरू कर दी है। आयोग ने निर्वाचक नामावलियों की तैयारी और कार्यक्रम के लिए बुधवार को राज्य के समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रकाश बसवाला ने बताया कि मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण करवाया जाना है। ग्राम पंचायत के वार्ड, पंचायत समिति के निर्वाचन क्षेत्रों और जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्रों की सूचियां तैयार की जाएंगी। वार्ड वार तैयार की गई मतदाता सूची के आधार पर पंचायत समिति जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियां तैयार की जाएंगी। मतदाता सूचियों का प्रकाशन अलग-अलग किया जाना है। निर्वाचक नामावलियों में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2014 को आधार मानते हुए तैयार की जाएंगी।
बसवाला ने यह भी बताया कि जिन पंचायती राज संस्थाओं की सीमाओं में परिवर्तन नहीं हो रहा है, वहां निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 10 नवंबर और जिन पंचायती राज संस्थाओं की सीमाओं में परिवर्तन हो रहा है वहां 20 नवंबर को किया जाएगा।