- Hindi News
- मंदिर हटाने का विरोध जेडीए ने एक और हटाया
मंदिर हटाने का विरोध जेडीए ने एक और हटाया
जयपुर|जेडीए कीओर से मुरलीपुरा के शिव नगर द्वितीय की यू कॉलोनी स्थित पुराने हनुमान मंदिर को हटाए जाने के विरोध में मंगलवार को स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
स्थानीय निवासी सूरज सैनी, छीतरमल हिंदू जागरण मंच से जुड़े अरुण कुमार ने बताया कि यह मंदिर जेडीए के प्लान में भी सड़क में नहीं रहा था। वर्षों पुराना यह मंदिर काश्तकार का स्वयं की जमीन पर बनाया हुआ था लेकिन जेडीए अफसरों ने जबरन तोड़ डाला है। विरोध में बड़ी संख्या में लोग मुरलीपुरा में एकत्र हो गए और जेडीए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस संबंध में नगरीय विकास मंत्री राजपालसिंह शेखावत को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई है। उधर, जेडीए द्वारा यातायात में बाधित धार्मिक स्थलों को हटाने के तहत मंगलवार को एक और मंदिर को हटाने की कार्रवाई की है। जेडीए दस्ते ने करतारपुरा नाले पर स्थित शनि मंदिर से मूर्ति हटवाकर शेष ढांचे को ध्वस्त कर दिया है। उपायुक्त, जोन-5 रामलाल गुर्जर ने बताया कि करतारपुरा नाले पर शनि मंदिर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहा था, जिसे समझाइश के बाद हटा दिया गया है। ढांचा ध्वस्त करने से पहले मूर्ति शिफ्ट की गई।