रवींद्र मंच पर लघु नाटकों की त्रिवेणी
राजस्थानफोरम और पीपुल्स मीडिया थिएटर की ओर से आयोजित किए गए नाट्य समारोह ‘कथारंग’ के दूसरे और अंतिम दिन रविवार को लघु नाटकों की त्रिवेणी का नाट्य प्रेमियों ने लुत्फ उठाया। इस मौके पर जूलियन होमोके के नाटक ‘द वेडिंग स्टोरी’, विजयदान देथा की कहानी ‘पग री जूती’ और व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की कहानी ‘सदाचार का ताबीज’ पर आधारित नाटकों के मंचन किए गए।
जयपुर के मंच पर स्वीडिश अभिनेत्री
प्रियंकाचंदानी के निर्देशन में खेला गया नाटक ‘द वेडिंग स्टोरी’ अंग्रेजी भाषा में था। इस नाटक में स्वीडिश अभिनेत्री फेनी कुर्कियो का अभिनय आकर्षण का केंद्र रहा। नाटक की निर्देशक प्रियंका ने बताया कि फेनी कुर्कियो योगा की क्लास के सिलसिले में जयपुर आई थीं। इस दौरान उनकी भेंट उससे हुई। उन्होंने जब कुर्कियो को नाटक ‘द वेडिंग स्टोरी’ के बारे में बताया तो उन्होंने इसमें अभिनय करने की इच्छा जाहिर की और शुरू हो गया रिहर्सल का दौर, जो आज के मंचन के साथ पूरा हुआ। नाटक में इसके अलावा जयपुर के युवा अभिनेता सऊद नियाजी ने भी अभिनय किया। वैवाहिक द्वंद्वों को उजागर करने वाले इस नाटक में कई दिलचस्प प्रसंग थे।
katharang
सदाचार का ताबीज
हरिशंकर परसाई की कहानी ‘सदाचार का ताबीज’ का मंचन किया गया। वरिष्ठ लेखक अशोक राही द्वारा नाट्य रूपांतरित इस कहानी का निर्देशन सुनील शर्मा ने किया था। कहानी एक ऐसे राजा की थी जो अपने राज्य से भ्रष्टाचार मिटाने के लिए ‘सदाचार के ताबीज’ का उत्पादन शुरू कराता है, पर नतीजा शून्य रहता है।
कथा वाचन शैली में नाटक
‘पग री जूती’ का मंचन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की स्नातक सुनीता तिवारी नागपाल के निर्देशन में किया गया। इसमें नारी की दशा का मार्मिक चित्रण किया गया। कथावाचन शैली में खेले गए इस नाटक में कार्तिक शर्मा और राजाराम विश्नोई ने प्रभावी ढंग से कथावाचन किया।