निकाय चुनावों को लेकर भाजपा का मिशन 46
जयपुर | भाजपाने स्थानीय निकायों के चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा मुख्यालय पर बुधवार को बैठक में चुनावों को लेकर रणनीति बनाई गई। इसमें जिला अध्यक्ष, विधायक, सांसद, निकाय चुनाव प्रभारी और मंडल अध्यक्षों को बुलाया गया था। विधानसभा उपचुनाव में हार से सबक लेते हुए भाजपा ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी है। नवंबर में छह नगर निगम और 40 नगर पालिका-परिषदों के चुनाव होना है। परनामी ने बताया कि जिन स्थानों पर चुनाव होना है, वहां 26, 27 28 सितंबर को एक टीम भेजी जाएगी जो वहां के राजनीतिक हालातों का जायजा लेगी। टीम में जिला अध्यक्ष, विधायक, सांसद, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और प्रदेश से नियुक्त प्रभारी शामिल होगा। परनामी ने कहा कि जिला और मंडल स्तर पर कार्यकारिणियों का गठन 30 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।