जयपुर। 13 दिसंबर को भाजपा सरकार का एक साल पूरा होने पर विधानसभा के सामने जनपथ पर होने वाले सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मंगलवार दोपहर भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, परिवहन मंत्री युनूस खान और चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ शामिल हुए।
बैठक के बाद अशोक परनामी ने मीडिया को बताया कि सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं और आमजनता को आमंत्रण पत्र भेजकर आने का न्यौता दिया है। इसके साथ ही रिकार्डेड मैसेज भी लोगों के
मोबाइल पर करके आमंत्रण दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सम्मेलन में 2 लाख से अधिक कार्यकर्ता और लोग शामिल होंगे। कांग्रेस की ओर से इस सम्मेलन में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने सिरे से खारिज कर दिया।
कांग्रेस को ऐसे आरोप लगाने का हक ही नहीं है। अशोक परनामी ने कहा कि सरकार के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर हो रहे इस सरकारी कार्यक्रम में भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता भाग लेंगे। अशोक परनामी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वें कार्यक्रम में बैज लगाकर आएं। भाजपा के जयपुर शहर अध्यक्ष अध्यक्ष संजय जैन ने कहा कि शहर और जयपुर देहात बूथ कमेटी में 56 हजार कार्यकर्ता है।
सरकार के 1 वर्ष के पूरे होने पर 13 दिसंबर को रखे कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार अलग - अलग मंडलों में बैठकें की जा रही है। किशनपोल एवं हवामहल मंडल की मंगलवार को बैठक रखी गई। यूडीएच मंत्री राजपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार घाटे का बजट छोड़ कर गई है। भाजपा सरकार बनने के बाद राजस्थान विकास कर रहा है।