- Hindi News
- सरकारी प्रतिनिधियों को उचित सम्मान देकर बुलाएं
सरकारी प्रतिनिधियों को उचित सम्मान देकर बुलाएं
कॉलेजशिक्षा आयुक्तालय ने सभी सरकारी कॉलेजों के प्राचार्यों को आदेश जारी किए है कि मंत्री सरकारी प्रतिनिधियों को उचित सम्मान देकर आमंत्रित करें। साथ ही मंत्रियों से लेकर राज्य सरकार के प्रतिनिधियों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाए। इससे पूर्व कॉलेजों में प्रायोगिक परीक्षाओं की पूर्व निर्धारित तिथियों को दरकिनार करते हुए कॉलेज में आयोजित होने वाले समारोह की तिथियां एक माह बढ़ाई थी।
इस संबंध में कॉलेज शिक्षा के संयुक्त निदेशक डॉ. अमिता गिल ने मंगलवार को आदेश जारी किए है। साथ ही निर्देशित किया है कि इन आदेशों की कठोरता से पालना सुनिश्चित की जाए। हालांकि इससे पूर्व 6 फरवरी को प्रायोगिक परीक्षा तिथियों को नजर अंदाज करते हुए शैक्षणिक संस्थानों में छात्रसंघ उद्घाटन, वार्षिक उत्सव आदि जैसे समारोह की अंतिम तिथि 31 जनवरी से बढ़ाकर 28 फरवरी की थी।
क्यों जारी करने पड़े ये आदेश
दरअसलशिक्षा मंत्री से इस संबंध में जन प्रतिनिधियों और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों ने आपत्ति दर्ज कराई थी कि उनके क्षेत्र में सरकारी कॉलेजों में उनको समारोह में आमंत्रित करने में तरजीह नहीं दी जा रही है जबकि वे अपने क्षेत्र में ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होकर सरकारी कॉलेजों के विकास के लिए कुछ करना चाहते है। छात्रों से रूबरू होकर संवाद का दायरा बढ़ाना चाहते है।