उत्पादन बढ़ने से घी में मंदी के संकेत
जयपुर| उत्तरभारत के प्लांटों में बीते सप्ताह कच्चे दूध की आपूर्ति में 10 लाख लीटर का इजाफा होने से दूध की कीमतों में गिरावट आई है। इसे देखते हुए देशी घी एवं दूध पाउडर में और नरमी गई है। जानकारों के मुताबिक देशी घी में उपभोक्ता मांग तो पहले ही नगण्य चल रही थी। यही कारण है कि भोलेबाबा फूड्स का कृष्णा घी वर्तमान में 4425 रुपए प्रति 15 किलो बिकने लगा है। उत्पादन बढ़ने से घी के भावों में और मंदी के संकेत आने लगे हैं। गौरतलब है कि शादियां एक सप्ताह बाद से एक महीने के लिए बंद हो जाएंगी। परिणामस्वरूप घी और सस्ता होने के आसार हैं। आलोच्य सप्ताह में कच्चे दूध की आपूर्ति उत्तर प्रदेश, हरियाणा एवं पंजाब के प्लांटों में 1.5 करोड़ से बढ़कर 1.6 करोड़ लीटर दैनिक हो गई है, जिससे अधिकांश प्लांटों ने एक रुपया घटाकर 28.50 से 31.50 रुपए प्रति लीटर में दूध की खरीद की।
कच्चे दूध के भाव गिरते ही देशी घी दूध पाउडर में मांग घट गई। दूध पाउडर 175 से 200 रुपए प्रति किलो बोला गया। वैश्विक बाजारों में दूध पाउडर के भाव 2550 से 2610 डॉलर प्रति टन के बीच चल रहे हैं।