- Hindi News
- बीते सप्ताह 2000 रुपए किलो महंगी हुई चांदी
बीते सप्ताह 2000 रुपए किलो महंगी हुई चांदी
कमोडिटी रिव्यू
जयपुर| अमेरिकीडॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होने तथा विदेशों में तेजी आने से स्थानीय सर्राफा बाजार में शनिवार को समाप्त सप्ताह में चांदी (999) 2000 रुपए उछलकर 38,700 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। चांदी रिफाइन भी इतनी ही मजबूती के साथ 38,200 रुपए बेची जा रही थी। चांदी में लगातार दूसरे सप्ताह उछाल आया है। आलोच्य सप्ताह में सोना स्टैंडर्ड 650 रुपए बढ़कर 27,250 रुपए प्रति 10 ग्राम पर जा पहुंचा। इसी प्रकार जेवराती सोना 600 रुपए की तेजी लेकर 25,900 रुपए पर बंद हुआ। दूसरी ओर चांदी कलदार के भाव 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर बने हुए थे।
समीक्षागत सप्ताह में दोनों बहुमूल्य धातुओं में घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उछाल आया। निवेशकों की मजबूत लिवाली होने से वैश्विक बाजारों में सोना 33 डॉलर और तेज होकर 1225 डॉलर प्रति औंस हो गया। बीते सप्ताह सोने में 25 डॉलर प्रति औंस की तेजी आई थी। इसी प्रकार, एक सप्ताह पूर्व आए 85 सैंट के उछाल बाद भी निवेशकों की चौतरफा लिवाली बनी होने से चांदी 80 सैंट और उछलकर 1705 सैंट प्रति औंस हो गई।
जानकारों के अनुसार ब्याह-शादियां अब मकर संक्रांति के बाद ही शुरु होंगी, लिहाजा स्वर्णाभूषणों की खुदरा मांग सुस्त पड़ सकती है। परिणामस्वरूप आगामी सप्ताह में सोने-चांदी में सीमित उतार-चढ़ाव ही बने रहने के आसार हैं।