- Hindi News
- 40 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षकों को नियमित करने की कवायद शुरू
40 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षकों को नियमित करने की कवायद शुरू
जयपुर | प्रदेशके 40 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षकों को नियमित स्थायी करने की कवायद प्रारंभ हो गई है। इन शिक्षकों की भर्ती 2012 में हुई थी और सितंबर 2014 में इनका दो साल का प्रोबेशनरी पीरियड खत्म हो चुका है। इनके नियमितिकरण के लिए मंगलवार को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि अगर इन शिक्षकों से संबंधित मामला न्यायालय में चल रहा है तो पंचायतीराज विभाग से मार्गदर्शन लेकर आगे की कार्रवाई की जाए। पंचायतीराज विभाग ने जिला परिषदों के माध्यम से इन शिक्षकों की भर्ती की थी। टेट के उत्तीर्णांक में कुछ वर्गों को छूट दिए जाने के कारण इन शिक्षकों का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इनका परिवीक्षा काल सितंबर में पूरा होने के बावजूद मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण नियमितिकरण का मामला अटका हुआ है।
अब प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने शिक्षा उप निदेशकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को इन शिक्षकों का स्थायीकरण और नियमित करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निदेशालय ने कहा है कि इस मामले पर पहले पंचायतीराज विभाग से मार्गदर्शन लिया जाए। इसके बाद लेकर राज्य सरकार के वर्ष 2011 के निर्देशानुसार नियमित और स्थाई की कार्रवाई की जाए।