पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 30 दिन में देश में खोले गए 5 करोड़ खाते, जमा हुए 3500 करोड़

30 दिन में देश में खोले गए 5 करोड़ खाते, जमा हुए 3500 करोड़

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर. प्रधानमंत्री जन धन योजना में देश में अब तक करीब 5 करोड़ खाते खोले जा चुके हैं। इन खातों में लोगों ने अपनी बचत के रूप में 3500 करोड़ रुपए जमा भी करा दिए हैं। यानी कम आय वर्ग को छोटी-छोटी राशि पर ब्याज का पैसा भी मिलेगा और देश के बैंकों की आय भी बढ़ेगी। उनकी क्रेडिट बढ़ेगी। राजस्थान में अब तक करीब 32 लाख खाते खोले जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 अगस्त को देशभर में एक साथ यह योजना लॉन्च की थी, जिसके जीरो बैलेंस पर खाते खोले जाने के लिए प्रोत्साहित किया गया था। उद्देश्य यही है कि प्रत्येक परिवार के बैंकों में खाते खुल जाएं और वे अपनी छोटी-छोटी बचत को लंबे समय तक संजोकर रख सकें। इसमें उन्हें ब्याज का आर्थिक फायदा भी मिले। यही नहीं, सरकार की प्रत्येक योजना को इस खाते से जोड़कर प्रत्येक प्रकार की सब्सिडी भी इन्हीं खातों में जमा की जा सकेगी।
देश में सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में 82.72 लाख खाते खोले जा चुके हैं। जबकि दूसरे स्थान पर पश्चिम बंगाल है, जहां 37.42 लाख खाते खोले गए हैं। राजस्थान का पांचवां स्थान है। जबकि खाते खुलवाने में गुजरात का 12वां स्थान है। देशभर में करीब 3 करोड़ खाते ग्रामीण क्षेत्र में और 2 करोड़ शहरी क्षेत्र में खोले गए हैं। वित्त मंत्रालय में सचिव (डीएफ एस) डॉ. जी.एस. संधु ने बताया कि देशभर में 26 जनवरी 2015 तक 7.5 करोड़ खाते खोले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ज्यादातर राज्य सरकार इस काम में बेहद रुचि ले रहे हैं। पंजाब ने तो 15 दिसंबर तक ही सभी घरों तक खाते खोले जाने का लक्ष्य तय किया है।