- Hindi News
- सीएम सलाहकारों ने कहा, ग्रीन बिल्डिंग एलईडी लाइट से होगा शहरों का विकास
सीएम सलाहकारों ने कहा, ग्रीन बिल्डिंग एलईडी लाइट से होगा शहरों का विकास
रिसर्जेंट राजस्थान अगले वर्ष अक्टूबर में
जयपुर। मुख्यमंत्रीवसुंधरा राजे द्वारा तय किए विभिन्न फील्ड के एक्सपर्टस ने मंगलवार को जब यूडीएच के अधिकारियों के सामने विकास के पैमाने रखे तो अफसर चौंक गए। एक्सपर्टस का कहना था कि शहरों में एलईडी लाइट्स ज्यादा लगाएं। निकाय विभिन्न तरीकों से धन जमा कर सक्षम बने। ग्रीन बिल्डिंग से शहरों का विकास होगा। 2022 तक सब के लिए मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य बता कर वे चले गए। अफसरों का कहना था कि एक्सपर्टस ने वे ही बातें बताई जो आम आदमी को भी पता हैं।
मुख्यमंत्री सलाहकार परिषद के नगरीय मामलों के उप समूह के विशेषज्ञ राजीव कुमार और मोहनदास पई ने सचिवालय में नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन विभाग के अफसरों से विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा नगरों के विकास के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करना जरूरी है।
विद्युत की बचत के लिए एलईडी लाइट्स लगाई जाएं। ग्रीन बिल्डिंग्स का निर्माण करवायें। इस अवसर पर स्वायत्त शासन विभाग, स्थानीय निकाय, जयपुर विकास प्राधिकरण, आवासन मंडल, जयपुर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट, दिल्ली मुम्बई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, राजस्थान आवास विकास इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, जयपुर, सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड तथा नगरीय विकास विभाग के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।
जयपुर। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए रिसर्जेंट राजस्थान का आयोजन अगले वर्ष अक्टूबर-नवम्बर में जयपुर में होगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। रिसर्जेंट राजस्थान आयोजन में विशेष रूप से टेक्सटाइल, माइन्स एण्ड मिनरल, गैर परंपरागत ऊर्जा, पर्यटन, सिरेमिक्स एवं इलेक्ट्रॉनिक जैसे कोर सेक्टर्स पर फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशकों को प्रोत्साहन देने के लिये निवेश प्रक्रिया का सरलीकरण कर सिंगल विण्डो से होने वाले कार्यों की समय सीमा निर्धारित की जाए। उद्योग विभाग की प्रमुख शासन सचिव वीनू गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में निवेशकों की सुविधा के लिये लैंड बैंक बनाया जा रहा है साथ ही रीको द्वारा भी औद्योगिक क्षेत्रों में अतिरिक्त जमीन का अधिग्रहण किया जायेगा। बैठक में मीरा महर्षि, राजीव कुमार, मनीष सब्बरवाल, मोहनदास पई पी.पी.पारीक ने प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने एवं रिसर्जेंट राजस्थान आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।