- Hindi News
- काम नहीं कराने वाले रोजगार सहायकों पर होगी कार्रवाई
काम नहीं कराने वाले रोजगार सहायकों पर होगी कार्रवाई
जयपुर। ग्रामीणविकास एवं पंचायती राज मंत्री गुलाब चन्द कटारिया ने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में गत 6 माह में मनरेगा के तहत एक भी काम नहीं हुआ वहां पर कार्यरत रोजगार सहायक के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके लिए सम्बन्धित जिला परिषद के सीईओ को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे। कटारिया मंगलवार को यहां शासन सचिवालय में मनरेगा योजना की समीक्षा बैठक में कहा कि मजदूरों को कम मजदूरी मिलने की व्यवस्था सुधारने के लिए मेट को जिम्मेदार बनाया जाएगा। काम कम क्यों हो रहा है इसकी जिम्मेदारी मेट पर डालते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
इन पर रहेगा फोकस : उन्होंने कहा कि इस वर्ष मनरेगा योजना में ग्राम पंचायत क्षेत्र के सरकारी परिसरों में वृक्षारोपण, मॉडल तालाब निर्माण, खेल मैदान विकसित करने एवं चारागाह भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए चारदीवारी पर विशेष फोकस रहेगा। उदयपुर संभाग में टूटी नहरों की मरम्मत नहरों की मिट्टी निकालने के लिए सिंचाई विभाग एवं पीडब्ल्यूडी से प्रस्ताव मंगवाने को कहा। ताकि मनरेगा से श्रमिक उपलब्ध कराये जा सकें।
समयपर भुगतान की व्यवस्था: प्रमुखशासन सचिव श्रीमत पांडे ने कहा कि एक अक्टूबर से समय पर श्रमिकों को भुगतान की व्यवस्था को पक्का किया जा रहा है। यदि समय पर भुगतान नहीं मिलेगा तो क्षतिपूर्ति राशि देने की कार्यवाही सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी से की जायेगी। सचिव राजीव सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य के 99 ब्लॉकों को पिछड़े ब्लॉकों के रूप में चयन कर इनमें प्राथमिकता से मनरेगा योजना के काम किये जायेंगे।