स्क्वैश में सोगानी ने किया उलटफेर
पिंकसिटीके नमन सोगानी ने यहां शुरू हुई जयपुर जूनियर स्क्वैश प्रतियोगिता के पहले दिन उलटफेर करते हुए लड़कों के अंडर-15 वर्ग में 10वीं वरीयता प्राप्त महाराष्ट्र के अर्जुन लाल चंदानी को बाहर कर दिया। नमन ने मैच 11-7, 11-9, 7-11, 13-11 से जीता। एक अन्य मैच में राजस्थान के जयराज सिंह ने महाराष्ट्र के अराष मेहता को 11-5, 11-2, 11-7 से हराया। जयपुर क्लब पर शुरू हुई इस प्रतियोगिता में राजस्थान के उत्कर्ष बाहेती, राघव गोयल, तनय मुडिया तथा प्राख्या अपने मैच जीत अगले दौर मे पहुंच गए।
लड़कों के अंडर-15 वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त उत्कर्ष ने दिल्ली के रचित गुप्ता को 11-0, 11-0, 11-4 से हराया। 13 वर्ष के लड़कों में राघव गोयल ने राजस्थान के ही गौरव सिंह को 11-4, 11-3, 11-4 से हराया। 17 वर्ष के लड़कों में तनय मुर्डिया ने पंजाब के चिराग बजाज को 11-3, 11-1, 11-3 से तथा प्राख्या गरगास्या ने हरियाणा के कृतव चैखर को 11-0, 11-1, 11-1 से हराया।
राजस्थान के चार खिलाड़ियों राहुल शर्मा, शुभम जाजू, कुशाग्र काला रोहन नोवाल को पहले ही दौर मे हार का मुंह देखना पड़ा। प्रतियोगिता का उद्घाटन टाटा स्टीलियम के राजस्थान हैड वैभव चतुर्वेदी ने किया। जयपुर क्लब के अध्यक्ष आनन्द तोषनीवाल ने समारोह की अध्यक्षता की।