- Hindi News
- सड़क मंदिर अस्पताल स्कूलों में होगी 30 दिन सफाई
सड़क-मंदिर-अस्पताल-स्कूलों में होगी 30 दिन सफाई
जयपुर | प्रदेशमें गांधी जयंती से 30 दिन तक लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता अभियान स्कूल-अस्पताल तक ही सीमित नहीं रखा जाए। सड़क-पार्क से लेकर सार्वजनिक स्थलों को भी अभियान के तहत साफ किया जाए। 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के बाद प्रदेश में गली-मोहल्लों से लेकर स्कूल-अस्पतालों तक सफाई दिखनी चाहिए। ये निर्देश मुख्य सचिव राजीव महर्षि ने बुधवार को सचिवालय में प्रदेश स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि विभाग का मुखिया सफाई के लिए जिम्मेदार होगा। उन्होंने देश भर में शुरू होने वाले स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत प्रदेश में व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां चलाने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले 25 िसतंबर से 1 अक्टूबर तक स्वच्छ भारत सप्ताह के दौरान लोगों में जागरूकता फैलाने का अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर केन्द्र सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान किये जाने वाले कार्यों के लिए जिला कलेक्टरों और स्थानीय निकायों के अधिकारियों को अपने स्तर पर कार्यवाही करने के निर्देश जारी कर दिये गए हैं। विभागों से आला अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने स्तर पर शहर, कार्यालय, विद्यालय, सड़क, अस्पताल, थाने, पर्यटन धार्मिक स्थल, बस स्टैण्ड, पेयजल स्थान, होटल, रेस्टोरेंट, पार्क, सामुदायिक शौचालय-मूत्रालय अन्य स्थानों पर सफाई की विशेष व्यवस्था देखे।
अभियान के दौरान संस्थाओं, होटल-रेस्त्रां आदि की स्वच्छता से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को सभी कार्यालय, संस्थाओं में स्वच्छ भारत शपथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सामूहिक रूप से स्वच्छ भारत की शपथ ली जायेगी।
बैठक में शिक्षा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, परिवहन, पर्यटन, ऊर्जा, समाज कल्याण एवं अधिकारिता, स्थानीय निकाय, स्वायत्त शासन, पुलिस, सूचना एवं जनसंपर्क सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।