निर्णय के अधीन होगी एलडीसी भर्ती
जयपुर। हाईकोर्टने जिला सेशन न्यायालय धौलपुर में एलडीसी के 32 पदों की भर्ती 2014 के मामले में नियुक्ति को याचिका के निर्णय के अधीन रखते हुए हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, जिला सेशन न्यायाधीश धौलपुर चेयरमैन स्टेनो एलडीसी भर्ती को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। न्यायाधीश बेला एम.त्रिवेदी ने यह अंतरिम आदेश हेमंत कुमार दुबे की याचिका पर दिया। अधिवक्ता तनवीर अहमद ने बताया कि भर्ती में दो पेपर लिखित कंप्यूटर दक्षता के थे। दोनों पेपरों में औसतन चालीस प्रतिशत अंक हर पेपर में न्यूनतम तीस अंक लाने का प्रावधान था। लेकिन भर्ती में कंप्यूटर दक्षता के दो भाग कर दिए प्रत्येक में तीस अंक लाने की अनिवार्यता रखी और इस आधार पर ही मेरिट बनाई। नियमानुसार मेरिट बनती तो प्रार्थी का चयन होता। लेकिन रजिस्ट्रार जनरल ने मेरिट के अनुसार 26 नवंबर को चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने का आदेश दिया और उसके पालन में 27 नवंबर को सेशन न्यायाधीश ने आदेश जारी कर दिया। इस कार्रवाई को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई।