- Hindi News
- कमांडर के घर ढाई सौ युवकों की लिस्ट मिली
कमांडर के घर ढाई सौ युवकों की लिस्ट मिली
क्राइम रिपोर्टर. जयपुर | सीआईएसएफके सिपाही-ड्राइवर भर्ती में रुपए लेकर मेडिकल सर्टिफिकेट देने के मामले में गिरफ्तार कंपनी कमांडर आरएस मान के पास 250 युवकों की लिस्ट मिली है। इस लिस्ट में 50 युवकों के नाम से पहले निशान लगे हुए हैं। पूछताछ में आरएस मान ने लिस्ट में निशान लगे युवकों से ढाई लाख से 3 लाख रुपए तक रिश्वत लेना स्वीकार किया है। ये सभी युवक सीआईएसएफ की भर्ती परीक्षा में पास हो चुके। इन अभ्यर्थियों को मेडिकल सर्टिफिकेट लेना था। सीबीआई की टीम मामले में अन्य बिचौलिए की तलाश कर रही है। इसके साथ ही लिस्ट में नए गए युवकों से भी पूछताछ की जाएगी। सीबीआई ने आर.एस.मान और सुंदर लाल को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जहां दोनों को जेल भेज दिया गया।
घर की सर्च में मिला रिकॉर्ड
सीबीआईकी टीम ने आरएस मान की गिरफ्तारी के बाद उसके प्रताप नगर घर की सर्च की। सर्च में सीबीआई को सीआईएसएफ के भर्ती रिकॉर्ड की प्रतियां, कम्प्यूटर डेटा और डायरियां बरामद की थीं। जिनमें एक 250 युवकों की लिस्ट भी मिली थी।
लिस्ट मिलने के बाद आरएस मान से पूछताछ की गई थी।
गौरतलब है कि इस मामले में सीबीआई ने बहरोड में 6 फरवरी को छापा मार कर बस्सी निवासी भरत मीना से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते आरएस मान और मामले में मध्यस्थ महिला आईटीआई जयपुर के सुप्रींटेंडेंट सुंदरलाल चेटीवाल को गिरफ्तार किया था। सीबीआई की टीम मामले की जांच कर रही है। दोनों ने मेडिकल फिटनेश सर्टिफिकेट देने के लिए 3 लाख रुपए की मांग की थी। इसके बाद ढाई लाख रुपए में मामला तय हुआ था। शुक्रवार को पहली किस्त दी गई थी। सीबीआई की टीम ने रिश्वत के रुपए बरामद कर लिए हैं।