- Hindi News
- मोदी सरकार ने अब तक साइंस को लेकर कुछ नहीं किया
मोदी सरकार ने अब तक साइंस को लेकर कुछ नहीं किया
भारतर| और मशहूर वैज्ञानिक सीएनआर राव ने इस बात पर अफसोस जताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास की बड़ी-बड़ी बातें कहतेे हैं, लेकिन उनकी सरकार ने साइंस के बारे में अभी तक कुछ नहीं किया। उच्च शिक्षा के लिए बजट प्रावधानों पर गहरी चिंता जताते हुए राव ने कहा कि, केंद्र को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का कम से कम 6 फीसदी इस क्षेत्र के लिए निर्धारित करना चाहिए। प्रो. राव ने ब्यूरोक्रेसी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश में सबकुछ ब्यूरोक्रेसी के हाथ में है और इसका दबाव आप और हम दोनों पर है। वैज्ञानिकों के समक्ष फंड, संसाधन, एडमिनिस्ट्रेशन, समय पर रुपए नहीं मिलने जैसी समस्याएं हैं। ऐसे कारणों से रिसर्च पर असर होता है। इन सबके बावजूद मैटेरियल साइंस और नैनो टैक्नोलॉजी के क्षेत्र में हिंदुस्तान तीसरे नंबर पर है। अमेरिका और चीन के बाद। प्रो. राव सोमवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी में फिजिक्स डिपार्टमेंट की ओर से मानविकी पीठ में आयोजित मैटेरियल साइंस की तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस में भाग लेने आए थे। इस दौरान बातचीत में ये पीड़ा प्रो. राव ने रखी।
राजस्थान यूनिवर्सिटी के मानविकी पीठ में फिजिक्स डिपार्टमेंट की मैटेरियल साइंस पर आयोजित कार्यशाला में युवा शोधकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए प्रो. सीएनआर राव ने कहा कि 82 की उम्र में अधिक समय प्रयोगशाला में गुजारता हूं और उम्र के इस दौर में रिसर्च का आनंद ले रहा हूं। उन्होंने इंटर डिसिप्लिनरी रिसर्च की पैरवी करते हुए कहा कि मैटेरियल साइंस का शोध केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रैक्टिकल ज्ञान के साथ थ्यौरिटिकल ज्ञान भी अति आवश्यक है। उनके 1600 शोध-पत्रों में से आधे थ्यौरिटिकल वैज्ञानिकों के साथ है जबकि वे खुद प्रैक्टिकल साइंटिस्ट की श्रेणी में आते हैं। गौरतलब है कि प्रो. राव की 48 पुस्तकें और 75000 रिसर्च साइटेशन हैं। इससे पूर्व प्रो. वाईके विजय और प्रो. कानन बाला शर्मा ने प्रदेश में मैटेरियल साइंस पर हो रही रिसर्च पर जानकारी दी। इस कॉन्फ्रेंस में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी इंग्लैंड के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रो.पीटर ब्रूस मैटेरियल रिसर्च सोसायटी इंडिया की तरफ से गोल्ड मैडल और जापान के डॉ. ए. सुजूकी को सिल्वर मैडल दिया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक कुलपति हनुमान सिंह भाटी ने की। कार्यक्रम में मैटेरियल साइंस और नैनो-टैक्नोलॉजी के वैज्ञानिक प्रो. डीडी शर्मा, प्रो. एके राय चौधरी, प्रो. डीडी शर्मा और प्रो एसडी कृपाजी, जी सुंदरराजन जैसे अंतरराष्ट्रीय मैटेरियल साइंटिस्ट शािमल हुए।