सीसीटीवी फुटेज पर टिकी जांच
मालवीयनगर रेलवे पुलिया पर शनिवार सुबह अपराजिता सेंटर में कार्यरत युवती और जैनपैक्ट में कार्यरत युवक से हुई लूट की वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान के लिए मालवीय नगर थाना पुलिस ने जेएलएन मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाए हैं। फुटेज देखकर पुलिस युवक युवती के बताए हुलिये के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। बदमाशों ने ईशा को लूटने से करीब 20 मिनट पहले जैनपैक्ट कॉल सेंटर में काम करने वाले आसनसोल पश्चिम बंगाल निवासी तामोजित मल्लिक से गिरधर मार्ग पर पर्स छीना था।
मालवीय नगर थानाधिकारी नीरज भारद्वाज ने बताया कि ईशा द्वारा बताए बदमाशों की बाइक के नंबरों के आधार पर भी बाइक का पता लगा रहे हैं। ईशा से मोबाइल छीनने के दौरान छीना-झपटी के प्रयास में बदमाशों से तमोजीत का पर्स गिर गया था। पर्स को युवती ने मालवीय नगर थाने में जमा करवा दिया। पुलिस ने तमोजित से रविवार को पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।
जवाहर सर्किल थानाधिकारी मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि गिरधर मार्ग पर व्यावसायिक संस्थानों के बाहर लगे कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है। घटना के दूसरे दिन तामोजित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। अब वारदात के खुलासे में मालवीय नगर जवाहर सर्किल थाना पुलिस जुटी है।