गुणवत्ता वाले बीज देगी सरकार
जयपुर | कृषिमंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा है कि बीज कृषि का मूल आधार है इसलिए किसानों को कम लागत का गुणवत्ता युक्त बीज उपलब्ध कराने के प्रयास करेंगे। बीजोत्पादन के क्षेत्र में अनुसंधान की आवश्यकता और अमानक बीज पर चिंता व्यक्त की। निगम अधिकारियों को इसे रोकने के निर्देश दिए। जयपुर के दुर्गापुरा राज्य कृषि प्रबंध संस्थान में राजस्थान राज्य बीज निगम के अंशधारी बीज उत्पादकों की वार्षिक साधारण सभा में सैनी ने कहा कि निगम मुनाफे के लिए नहीं बल्कि, किसानों की सुविधा के लिए काम करता है।
अभी राजस्थान स्टेट सीड्स कॉर्पोरेशन जरूरत का मात्र 25 से 30 प्रतिशत बीज ही उपलब्ध करवा पा रहा है, ऐसे में कई बार अमानक बीज बाजार में जाते हैं।
इसलिए निगम को पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार करनी होगी।
कृषि आयुक्त कुलदीप रांका ने कहा कि निगम ने वर्ष 2013-14 में 2180.69 लाख रुपए का कर पूर्व लाभ अर्जित किया है। आयकर के पश्चात निगम का शुद्ध लाभ 1572.66 लाख रुपए का रहा हैं। निगम द्वारा वर्ष 2013-14 के लिए अंशधारियों को 10 प्रतिशत लाभांश दिया जाएगा।