- Hindi News
- अरबन ट्रांसफॉर्मेशन का ब्लू प्रिंट जयपुर में तैयार होगा
अरबन ट्रांसफॉर्मेशन का ब्लू प्रिंट जयपुर में तैयार होगा
जयपुर | देशके शहरों का 21 वीं सदी में कैसा स्वरूप हो, किस तरह की आधारभूत सुविधाएं जरूरी हैं, विकसित देशों की श्रेणी में देश के 100 शहर कैसे खड़े किए जाए, शहरों की कनेक्टिविटी और ट्रांसपोर्ट सिस्टम कैसे सुधरे, आदि विषयों को लेकर जयपुर में दो दिन तक मंथन होगा। सरकार और एक एनजीओ के सहयोग से मंगलवार और बुधवार को हो रही वर्कशॉप में अरबन ट्रांसफॉर्मेशन विषय पर ब्ल्यू प्रिंट तैयार किया जाएगा। दो दिवसीय इस वर्कशाॅप का उद््घाटन 30 सितंबर को सुबह 10.30 बजे केंद्रीय शहरी विकास, आवास मंत्री एम. वैंकेया नायडू करेंगे। वर्कशॉप सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हाॅल में होगी।
वर्कशॉप के बाद यह ब्लू प्रिंट का यह मसौदा केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। वर्कशाप में केन्द्र सरकार के शहरी विकास, आवास एवं शहरी गरीबी उपशमन मंत्रालय के उच्चाधिकारी , नेशनल हाइवे अथॉरिटी आफ इंडिया, रेल मंत्रालय, औद्योगिक नीति प्रोत्साहन विभाग, देश की जानी मानी एवं व्यावसायिक कम्पनियों के प्रतिनिधि तथा शहरी विकास के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
वर्कशॉप के प्रथम दिन शहरों की आधारभूत योजनाओं, वित्तीय संसाधन और पीपीपी विषयों पर विचार किया जाएगा। वर्कशॉप के दूसरे दिन नगरीय प्रबंधन, अफोर्डेबल हाउसिंग, नगर नियोजन और विकास आदि विषयों पर विचार विमर्श करने का कार्यक्रम है। एक अक्टूबर को वर्कशॉप के समापन समारोह को मुख्य मंत्री वसुंधरा राजे संबोधित करेगी।