- Hindi News
- प्रमुख सचिव डीबी गुप्ता होंगे जयपुर के प्रभारी
प्रमुख सचिव डीबी गुप्ता होंगे जयपुर के प्रभारी
जयपुर | राज्यसरकार ने सभी 33 जिलों में प्रमुख सचिव एवं सचिवों को जिला प्रभारी नियुक्त किया है। राज्य सरकार की ओर से बुधवार को जारी आदेश में पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव डी.बी. गुप्ता को जयपुर का प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह प्रभारी प्रमुख रूप से जिले में चल रही केंद्रीय एवं राज्य विकास की योजनाओं का रोस्टर पद्धति से निरीक्षण एवं उनकी रिपोर्ट तैयार करने, \\\"सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत प्राप्त प्रतिवेदन एवं प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में जिला स्तर पर की गई कार्यवाही एवं उसकी समीक्षा करेंगे।
राज्य सरकार ने आईएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को उदयपुर, दीपक उप्रेती को जोधपुर, गायत्री ए. राठौड़ को टोंक, ओ.पी.सैनी को दौसा, वीनू गुप्ता को अलवर, मनजीत सिंह को सीकर, कुंजीलाल मीणा को बाड़मेर, रजत मिश्रा को जैसलमेर जिले का प्रभारी नियुक्त किया है।
प्रमुख रूप से यह रहेगी जिम्मेदारी
केंद्रीय एवं राज्य विकास की योजनाओं का रोस्टर पद्घति से निरीक्षण एवं उनकी रिपोर्ट बनाना, \\\"सरकार आपके द्वार’ के दौरान मिले प्रतिवेदनों की जिले में निस्तारण की कार्यवाही, राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की पंचायत समितिवार क्रियान्विति निस्तारण में गति लाना, मुख्यमंत्री की यात्राओं के दौरान की गई घोषणाओं की क्रियान्विति और बजट घोषणाओं, अधिकारियों द्वारा किये गये दौरों एवं यात्री विश्राम के मापदंडों के विरुद्घ की गई प्रगति, पंचायत कलस्टर अधिकारियों के कार्यों एवं क्रियान्विति किये जाने संबंधी कार्ययोजना और भामाशाह योजना के तहत की जाने वाली विभिन्न कार्यवाही की समीक्षा की जाएगी। प्रभारी पर जिला कलेक्टरों द्वारा राजस्थान संपर्क केन्द्रों से की गई वीडियो कांफ्रेंसिंग एवं उनके नतीजों की विस्तृत समीक्षा राज्य सरकार के अभियानों, कार्यक्रमों एवं नई विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग का जिम्मा भी रहेगा।