पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 41 हजार युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देगी सरकार, 50 फीसदी को प्लेसमेंट भी

41 हजार युवाओं को स्किल ट्रेनिंग देगी सरकार, 50 फीसदी को प्लेसमेंट भी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रदेशमें अगले दो साल में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 41 हजार एक सौ युवाओं को स्किल डवलपमेंट की ट्रेनिंग दी जाएगी। उसके बाद इनमें से आधे युवाओं का प्लेसमेंट किया जाएगा।

यह दावा नगरीय विकास मंत्री राजपालसिंह शेखावत के समक्ष राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम तथा स्वायत्त शासन के अफसरों ने एक करार के बाद किया। इन युवाओं में से प्रत्येक को न्यूनतम 3 माह तक 430 घंटे की ट्रेनिंग अनिवार्य रूप से लेनी होगी। उन पर मिशन और सरकार की ओर से प्रति व्यक्ति 15 हजार रुपए के हिसाब से 66 करोड़ रुपए खर्च होंगे। मंत्री राजपालसिंह और स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख सचिव मनजीतसिंह ने बताया कि शहरी युवाओं को राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत कौशल प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट देने का काम राजस्थान कौशल एवं आजीविका मिशन की ओर से किया जाएगा। अब सरकार इंप्लॉयमेंट थ्रू स्किल ट्रेनिंग पर जोर देगी और ट्रेंड युवाओं को प्लेसमेंट दिलाने के लिए कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री की 15 लाख युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने की घोषणा की थी। उसी कड़ी में मिशन के तहत स्किल डवलपमेंट एंड ट्रेनिंग का प्रोग्राम चलाया जा रहा है। मिशन के तहत 2014-15 में सभी जिला मुख्यालयों सहित 40 शहरों में स्किल डवलपमेंट कार्यक्रम चलाए जाएंगे। योजना में 75% राशि भारत सरकार और 25% राज्य सरकार देगी।

एक लाख से कम आय का प्रमाण पत्र देना होगा

स्किल डवलपमेंट की ट्रेनिंग के लिए युवाओं को एक लाख रुपए से कम सालाना आय का प्रमाण-पत्र तहसीलदार से सर्टीफाई करवा कर जमा कराना होगा। योजना में शहरी बीपीएल चयनित परिवारों के साथ ही स्टेट बीपीएल, अंत्योदय परिवार, आस्था कार्डधारी परिवार एवं अन्य शहरी जिनकी आय एक लाख रुपए तक है, को तीन माह की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें 30 फीसदी महिलाएं, 15 फीसदी अल्पसंख्यक एवं 3 फीसदी विशेष योग्यजन होंगे। स्वायत्त शासन विभाग द्वारा इस संबंध में सारे कार्य आजीविका विकास निगम के माध्यम से क्रियान्वित कराएगा।