- Hindi News
- प्रारंभिक शिक्षकों के छूटे हुए पे स्केल संबंधी प्रमोशन होंगे जनवरी में
प्रारंभिक शिक्षकों के छूटे हुए पे-स्केल संबंधी प्रमोशन होंगे जनवरी में
जयपुर | जनवरीमाह में जयपुर जिले के सभी प्रारंभिक शिक्षकों के छूटे हुए आर्थिक प्रमाेशन यानी पे-स्केल से संबंधित समस्याओं का समाधान हो जाएगा। इसके लिए जयपुर के हर ब्लॉक में स्कूलों के प्रारंभिक शिक्षकों की समस्याओं को सुना जाएगा।
शिक्षकों की एसाइंड करियर प्रमोशन यानी एसीपी, अवकाश, पुराने बिलों, रिलीव संबंधी मसला सहित अन्य समस्याओं की सुनवाई कर त्वरित समाधान किया जाएगा। शिक्षकों की 9, 18 और 27 सालों की कार्यावधि के बाद पे-स्केल बदलता है। लेकिन सैकड़ों शिक्षकों की यह आम शिकायत रही है कि उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पाया। इसको लेकर और अन्य समस्याओं के कारण भी शिक्षक प्रारंभिक शिक्षा विभाग के चक्कर लगाते रहते थे। इस पर प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने ऐसी योजना बनाई है जिससे शिक्षकों की शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान हो जाएगा। प्रारंभिक शिक्षा के उप निदेशक और जिला शिक्षा अधिकारी राधामोहन गुप्ता ने बताया कि जनवरी में जिले के सभी ब्लॉकों के स्कूलों का दौरा किया जाएगा।
शिक्षकों की शिकायत सुनी जाएगी और उसका समाधान करने की कोशिश होगी। इसका फायदा यह होगा कि प्रारंभिक शिक्षकों का पूरा ध्यान अध्यापन में लगेगा। उन्हें इसकी चिंता नहीं रहेगी कि उनका एसीपी या अवकाश या रिलीव या अन्य मसलों का समाधान कैसे होगा। शिकायतों के समाधान का वास्तविक फायदा राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को होगा। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में बढ़ोतरी होगी।