- Hindi News
- रतन टाटा का जयपुर की कार देखो डॉट काॅम में निवेश
रतन टाटा का जयपुर की कार देखो डॉट काॅम में निवेश
कॉर्पोरेट संवाददाता | जयपुर
टाटासमूह के मानद चेयरमैन रतन टाटा ने जयपुर की कंपनी कार देखो डाॅट कॉम में निवेश किया है। टाटा निजी स्तर पर कॉमर्स कंपनियों में पिछले कुछ समय से लगातार निवेश कर रहे हैं लेकिन यह पहली बार है कि उन्होंने किसी वाहन पोर्टल में अपनी रुचि दिखाई है।
इस पोर्टल की प्रमोटर कंपनी गिरनारसॉफ्ट के सीईओ अमित जैन ने बताया कि शुक्रवार को उनकी मुंबई में रतन टाटा से मुलाकात हुई जिसमें उन्होंने व्यक्तिगत रूप से निवेश की बात कही। टाटा ने यह भी कहा कि वे जरूरत पड़ने पर इस कंपनी को अपनी सलाह भी देंगे। जैन ने हालांकि इस राशि का खुलासा नहीं किया। जैन ने कहा कि टाटा भारतीय वाहन क्षेत्र के बेहद सम्मानित व्यक्ति हैं और उनका हमारे साथ जुड़ना बहुत हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह चौथी ई-कॉमर्स कंपनी है जिसमें टाटा ने निवेश किया है। पिछले साल टाटा ने स्नैपडील, फर्नीचर ई-खुदरा कंपनी अर्बन लैडर और आनलाइन जेवरात बेचने वाली कंपनी ब्लूस्टोन में निवेश किया था। जैन के अनुसार हांगकांग के निवेशकों-हिलहाउस और टाईबोर्न ने हाल ही कंपनी में सीरिज बी राउंड की फंडिंग के तहत पांच करोड़ डॉलर की फंडिंग की घोषणा की थी। इसके बाद गिरनार सॉफ्टवेयर का वेल्यूएशन 30 करोड़ डॉलर (1800 करोड़ रुपए) आंका गया है। उन्होंने बताया कि अगले पांच साल में उनका लक्ष्य बिलियन डॉलर कंपनी बनने का है। इसके तहत उनकी योजना कई छोटे पोर्टल का अधिग्रहण करने की भी है।