- Hindi News
- जयपुर की एयू फाईनेन्सियर्स का स्माल फाइनेंस बैंक के लिए आवेदन
जयपुर की एयू फाईनेन्सियर्स का स्माल फाइनेंस बैंक के लिए आवेदन
जयपुर| एयूफाईनेन्सियर्स (इंडिया) लि. ने हाल ही भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप स्माल फाइनेंस बैंक के लिए आवेदन किया है। इसके लिए आवेदन करने वाली यह राजस्थान की एकमात्र एनबीएफसी कंपनी है। जयपुर मुख्यालय वाली यह कंपनी अभी देश के दस राज्यों में काम कर रही है। कंपनी का लोन बुक 6000 करोड़ रुपए का है। इसकी ग्रामीण और अर्द्धशहरी क्षेत्रों में 225 से अधिक शाखाएं, तीन लाख से अधिक ग्राहक और 4000 से अधिक कर्मचारी हैं। संस्थापक संजय अग्रवाल के अनुसार कंपनी रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों को मुख्यत: पूरा करती है जिनमें ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में पहुंच, लोन बुक का 85% से अधिक प्राथमिकता क्षेत्र में वितरण और कुल ग्राहक संख्या के 99% से अधिक ऋण 25 लाख से कम राशि के होना शामिल हैं। कंपनी 17 साल से वित्तीय सेवाओं से वंचित ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहकों को सेवाएं प्रदान कर रही है। अर्नेस्ट एंड यंग उद्यमशीलता पुरस्कार वर्ष 2014 के 16वें सालाना संस्करण में संजय अग्रवाल फाइनलिस्ट के रूप में चयनित हुए हैं। यह भारतीय उद्यमियों के लिए एक प्रतिष्ठित पुरस्कार है जो व्यावसायिक क्षेत्र में नवीन प्रयासों एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया जाता है।