- Hindi News
- गैस कटर से सेफ काटकर ~17.86 लाख ले गए चोर
गैस कटर से सेफ काटकर ~17.86 लाख ले गए चोर
क्राइम रिपोर्टर. जयपुर / कालवाड़
सरनाडूंगर रीको इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार रात सवा एक बजे बदमाश गैस कटर से एसबीबीजे के एटीएम को काटकर 17 लाख 86 हजार रुपए निकाल ले गए। घटना का पता बुधवार सुबह 9.30 बजे चला जब गार्ड बैंक पहुंचा। एटीएम सरना डूंगर स्थित एसबीबीजे की ब्रांच के बाहर ही लगा हुआ था। बैंक और एटीएम की सुरक्षा के लिए रात को कोई गार्ड तैनात नहीं था। एटीएम के बाहर अंधेरा था और एटीएम रूम में लाइट भी धीमी थी। वारदात की रिपोर्ट ब्रांच मैनेजर आरके जैन ने करधनी थाने में दर्ज करवाई है। फुटेज की जांच में रात एक बजे एटीएम के बाहर अंधेरे में तीन बदमाशों की झलक दिखाई दे रही है। एक बदमाश पहले एटीएम रूम के अंदर गया और कैमरे का तार काट दिया। इसके बाद 1 बजकर 19 मिनट पर बदमाशों ने एटीएम के बिजली सप्लाई का तार काट दिया।
बैंकों के एटीएम बैंक वाइज, ब्राउन लेवल और व्हाइट लेवल श्रेणी के होते हैं। इनमें से केवल बैंक वाइज एटीएम की सुरक्षा की जिम्मेदारी ही बैंक की होती है। ब्राउन लेवल एटीएम वेंडर की ओर से लगाया जाता है। इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी वेंडर की होती है। सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरा और आलर्म लगाने के संबंध में रिजर्व बैंक के कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं हैं। गार्ड तैनात करना बैंक की मर्जी पर होता है। सरना डूंगर इंडस्ट्रियल एरिया में औद्योगिक क्षेत्र के सुरक्षा गार्ड होते हैं। इसलिए वेंडर ने इस एटीएम पर सुरक्षा गार्ड नहीं लगाया था। एटीएम में हुई इस चोरी की भरपाई वेंडर करेगा। बैंक को कोई नुकसान नहीं होगा।