- Hindi News
- ज्वैलरी शॉप से 15 किलो चांदी के जेवर बर्तन चुराए
ज्वैलरी शॉप से 15 किलो चांदी के जेवर-बर्तन चुराए
क्राइम रिपोर्टर. जयपुर | किशनपोलबाजार के टिक्कड़मल का रास्ता में मंगलवार देर रात एक ज्वैलरी शॉप में सेंधमारी कर करीब 15 किलो चांदी के जेवर, बर्तन तथा 40 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हो गए। बुधवार सुबह 6 बजे वारदात का पता चलने पर दुकान संचालक ने राजेश पाटिल ने कोतवाली थाने में सूचना दी। उनके मकान के नीचे न्यू बांबे ज्वैलर्स नाम से दुकान है। करीब 6 बजे वे नीचे आए, तो दुकान से सटे हुए खंडहरनुमा कमरे का जर्जर दरवाजा टूटा नजर आया। उन्होंने अंदर झांककर देखा तो कमरे की एक फीट मोटी दीवार में बड़ा सुराख था, जहां से उनको दुकान का हिस्सा नजर आया। संदेह होने पर राजेश दुकान में गए। वहां ज्वैलरी के डिब्बे बिखरे पड़े थे और उनमें रखी ज्वैलरी गायब थी।
पुलिस को खंडहरनुमा कमरे में शराब, पानी की खाली बोतल और गिलास मिले। इस आधार पर माना जा रहा है कि चोरों की संख्या दो-तीन थी। उन्होंने रैकी के बाद कमरे का जर्जर दरवाजा तोड़ा और दीवार में सुराख कर दिया। संभवतया एक बदमाश इसी सुराख से ज्वैलरी शॉप में घुसा और चांदी के बर्तन, जेवर तथा सोने के आभूषण साथी को पकड़वाए।
ज्वैलरी की दुकान में दीवार में सुराख। इसमें होकर बदमाशों ने ज्वैलरी चुराई।