- Hindi News
- 15 लाख रुपए में किया भूखंडों का सौदा, कब्जा नहीं देने पर गिरफ्तार
15 लाख रुपए में किया भूखंडों का सौदा, कब्जा नहीं देने पर गिरफ्तार
लंदन में नौकरी दिलवाने का झांसा, सवा चार लाख रु. ठगे
जयपुर|लंदन कीएक होटल में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर करीब चार लाख 27 हजार रुपए हड़पने का मामला जालूपुरा थाने में दर्ज करवाया गया है।
मामले की जांच थानाप्रभारी राजेश ढाका कर रहे हैं। ठगी की वारदात पुराना जालूपुरा निवासी सलीम खान से हुई। रिपोर्ट के मुताबिक सलीम कुछ माह पहले ही सउदी अरब से नौकरी कर लौटा था। वह इंटरनेट पर वेबसाइट के जरिए नौकरी तलाश कर रहा था। पिछले साल दिसंबर माह में उसने एक कंपनी का विज्ञापन देखा। संपर्क करने पर लंदन के एक होटल में वीआईपी वाहनों के लिए ड्राइवर की नौकरी बताई। सलीम को जानसन नाम के व्यक्ति का फोन भी आया। उसने विश्वास में लेकर खुद की कंपनी का अकाउंट नंबर बताया, जिसमें किश्तों में करीब चार लाख 27 हजार रुपए जमा करवा लिए। इसके बाद एक अपॉइंटमेंट लैटर भी ईमेल के जरिए भेजा। बाद में सलीम का संपर्क नहीं हो पाया। ठगी का पता चलने पर सलीम ने केस दर्ज करवाया।
जयपुर| कालवाड़रोड पर गजाधरपुरा में एक आवासीय योजना में भूखंड बेचने के बहाने 15 लाख की धोखाधड़ी के केस में पुलिस ने आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेशकर तीन दिन के रिमांड पर लिया। वैशाली नगर थाना पुलिस ने उसे मंगलवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी जगदीश गुप्ता (46) गंगासागर कॉलोनी, वैशाली नगर का रहने वाला हैं। उनके खिलाफ गिर्राज विहार, गांव लालरपुरा निवासी राजेंद्र कुमार सैन ने 13 जनवरी को इस्तगासे से केस दर्ज कराया था। रिपोर्ट में राजेंद्र सैन ने बताया कि प्रोपर्टी कारोबारी जगदीश ने उन्हें गजाधरपुरा में लक्ष्मी गृह निर्माण सहकारी समिति की श्याम वाटिका आवासीय योजना में भूखंड दिखाए थे। राजेंद्र ने पांच भूखंड का सौदा तयकर जगदीश को 15 लाख दे दिए। इसके बाद भी जगदीश ने राजेंद्र को उन प्लॉटों का पट्टा कब्जा नहीं दिया। रुपए वापस नहीं लौटाने पर पीड़ित ने केस दर्ज करवाया।