- Hindi News
- सड़क हादसों में घायलों को बचाने वालों को सम्मानित किया जाएगा
सड़क हादसों में घायलों को बचाने वालों को सम्मानित किया जाएगा
आपदाप्रबंधन विभाग, सेंटर फॉर रोड सेफ्टी के साथ मिलकर प्रदेश में जिलास्तर पर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में काम कर रहे स्वयंसेवक, सरकारी अधिकारी अथवा जिस व्यक्ति ने भी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की जान बचाई है उन्हें गणतंत्र एवं स्वाधीनता दिवस पर जिलास्तरीय कार्यक्रमों में सम्मानित करेगा। इसके लिए जिलास्तर पर आवेदन मांगे जाएंगे। यह बात आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव कुंजीलाल मीणा ने बुधवार को सेंटर फॉर रोड सेफ्टी पुलिस विश्वविद्यालय एवं आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुई रोड सेफ्टी मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में कही।
सड़क सुरक्षा के प्रशिक्षक तैयार करने के लिए आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला बुधवार से आरपीए के सभागार में शुरू हुई। कार्यशाला के शुभारंभ पर डीजी मनोज भट्ट ने कहा कि \\\"भारत में सब चलता है’ की मानसिकता के कारण सड़क दुर्घटनाओं के मामले बढ़ गए हैं। सभी लोग सड़क पर नियमों की स्वतः पालना करना शुरू करें तो इनमें कमी आएगी। इसके लिए सेंटर फॉर रोड सेफ्टी ने राज्य में सड़क सुरक्षा के लिए जनजाग्रति की मुहिम चलाई है, जिसमें सड़क सुरक्षा प्रशिक्षक जिला ग्रामस्तर पर आमजन को सड़क सुरक्षा के नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित करेंगे। सेंटर कॉर्डिनेटर प्रेरणा सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में भाग ले रहे प्रतिभागियों की सहायता से जिलास्तर पर स्कूल एवं काॅलेजों में सड़क सुरक्षा पर निबंध स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। तकनीकी सेशन में अहमदाबाद के सड़क सुरक्षा एक्सपर्ट अमित खत्री ने प्रतिभागियों को डिफेंसिव ड्राइविंग के तरीके को रोचक तरीके से समझाया।
डीजी मनोज भट्ट अन्य रोड सेफ्टी का पोस्टर विमोचन करते हुए