- Hindi News
- कर्ज के उठाव में मार्च तक और सुधार संभव : घोष
कर्ज के उठाव में मार्च तक और सुधार संभव : घोष
कॉर्पोरेट संवाददाता | जयपुर
स्टेटबैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर (एसबीबीजे) के प्रबंध निदेशक ज्योति घोष ने उम्मीद जताई है कि अगले साल मार्च माह तक अर्थव्यवस्था में और सुधार दर्ज किया जा सकेगा जिससे कर्ज का उठाव बेहतर हो सकेगा। वे बुधवार को यहां बैंक के प्रधान कार्यालय में बैंक की मोबाइल एटीएम वैन को लॉन्च करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
घोष ने कहा कि बुधवार को हमने बैंक के कामकाज की मासिक रिव्यू बैठक भी की और हमें उम्मीद है कि वित्त वर्ष की समाप्ति तक हम और बेहतर प्रदर्शन दर्शा सकेंगे। उन्होंने बताया कि हाल ही बैंक ने नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इस एटीएम वैन को स्थापित किया था और दो करोड़ से अधिक हिट्स हमें मिले। इससे उत्साहित होकर हमने इस प्रकार की वैन अभी जयपुर शहर में लॉन्च की है और निकट भविष्य में बेहतर रेस्पॉन्स मिलने पर इनकी संख्या बढ़ाने और अन्य शहरों में भी इसका विस्तार करने पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बैंक ने 30 नवंबर तक 145 ऑनलाइन एटीएम खोलने के लक्ष्य के मुकाबले इस तिथि तक 175 ऐसे एटीएम खोल दिए हैं। इन्हें मिलाकर बैंक के कुल 1729 एटीएम खुल गए हैं। बैंक का लक्ष्य इस वित्त वर्ष की समाप्ति तक 2000 से अधिक एटीएम खोलने का है। इसी क्रम में हम मार्च 2015 तक कुल 500 एटीएम खोल देंगे। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (रिटेल बैंकिंग), सीजीएम वी.श्रीनिवासन, महाप्रबंधक जेके दुबे भी मौजूद थे।
जयपुर में खोलेंगे दो ई-लॉबी
घोषने बताया कि बैंक शीघ्र ही जयपुर में एसएमएस हाइवे और बापूनगर में दो ई-लॉबी खोलने जा रहा है। ऐसी पहली ई-लॉबी हाल ही राज्य के बाहर वैशाली, गाजियाबाद में खोली गई।