- Hindi News
- गली मोहल्ले, गांव शहर होंगे साफ तब ही होगा स्वच्छ राजस्थान : सीएम
गली-मोहल्ले, गांव-शहर होंगे साफ तब ही होगा स्वच्छ राजस्थान : सीएम
मुख्यमंत्रीवसुंधराराजे ने कहा कि गली-मोहल्ले और शहर-गांव साफ रहेंगे तब ही स्वच्छ राजस्थान बनेगा। इसके बदलाव की चाबी बच्चों के हाथों में हैं, हम सब अपने नौनिहालों की इस मुहिम से जोड़कर ही स्वच्छ राजस्थान, स्वच्छ भारत का सपना साकार कर सकते हैं। वे शुक्रवार को पर्यटक स्थल जंतर मंतर और हवामहल को सफाई के लिए दो निजी स्कूलों को गोद देने के समारोह में पहुंची थीं। राजे ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को शिखर पर ले जाने की पहल स्वच्छता से जोड़कर की है। इसमें सभी स्कूलों और संस्थाओं को जुड़ना चाहिए। स्कूलों को स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक और गीतों के माध्यम से शहर के वार्डों में चेतना रैली निकाली चाहिए। जागृत रैली शहर में सबसे अधिक गंदगी वाले वार्डों में निकालनी चाहिए। इनमें लोगों को स्वच्छता के प्रति जागृत करना चाहिए। समारोह में जयश्री पेड़ीवाल ग्रुप ऑफ स्कूल ने हवामहल और दिल्ली पब्लिक स्कूल ने जंतर मंतर विधिवत तरीके से गोद लिया। दोनों स्कूलों को इन इमारतों को एक साल तक स्वच्छ रखने का जिम्मा दिया गया है। समारोह में स्टेप बाई स्टेप स्कूल के बच्चों की ओर से स्वच्छता पर आधारित नुक्कड-नाटक और गीतों पर प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपनी विरासत एवं स्मारकों पर गर्व है। हम सभी की यह जिम्मेदारी है कि इनकी नियमित सार संभाल की जाए। ताकि इन्हें और सुंदर बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने जंतर मंतर पर में स्थापित सम्राट यंत्र और राम यंत्र की कार्य गणना की जानकारी ली। समारोह में प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, विधायक और मेयर निर्मल नाहटा भी उपस्थित थे।
हवामहल पर आयोजित समारोह में बच्चों का अिभनंदन करती सीएम राजे।