- Hindi News
- ~50 करोड़ के गारमेंट्स की जगह कतरन एक्सपोर्ट करने वाले को जेल
~50 करोड़ के गारमेंट्स की जगह कतरन एक्सपोर्ट करने वाले को जेल
जयपुर | आर्थिकअपराध न्यायालय ने शुक्रवार को एक्सपोर्ट के नाम पर फर्जी तरीके से ~3.14 करोड़ के लाभ लेने के आरोपी एक्सपोर्टर को जेल भिजवा दिया। आरोपी ने करीब ~50 करोड़ के महंगे कपड़ों का झूठा निर्यात दिखाकर सरकार से रकम ली थी।
गड़बड़ी का भांडा फूटने पर आरोपी पांच साल पहले विदेश भाग गया था। डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) ने टोंक रोड निवासी एक्सपोर्टर राधा वल्लभ गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपने परिजनों के नाम पर गार्मेंट एक्सपोर्ट फर्में बना रखी थी। साथ ही विदेशों में खुद के नाम पर फर्में बनाई। गुप्ता ने कागजों में स्थानीय फर्मों से महंगे कपड़े एक्सपोर्ट होना दिखाया। वास्तव में कंटेनरों में कपड़ों की चिंदिंयां (कतरन) भरी होती थी, जिस फर्म को विदेश में करीब 50 करोड़ का एक्सपोर्ट होना दिखाया गया, वह गुप्ता के नाम से रजिस्टर्ड थी।
सरकार से महंगे कपड़ों को एक्सपोर्ट करने की एवज में ड्रा बैक के रूप में 3.14 करोड़ ले लिए। उसकी कारगुजारी का 2009 में भंडा फूट गया। वह डीआरआई के हाथ आता इससे पहले नेपाल के रास्ते मलेशिया भाग गया। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया। कस्टम्स अधिकारियों की मिलीभगत सामने आने पर सीबीआई ने भी भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया था। चोरी छिपे भारत आने पर सीबीआई ने उसे अक्टूबर में गिरफ्तार किया था। गुप्ता को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।