- Hindi News
- 34 लाख रुपए ठगने वाले तीन आरोपी रिमांड पर
34 लाख रुपए ठगने वाले तीन आरोपी रिमांड पर
भास्कर न्यूज. जयपुर | एकइलेक्ट्रॉनिक कंपनी से 34 लाख रुपए की ठगी के मामले में बुधवार को गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से दो दिन का रिमांड लिया। वारदात में शामिल गाजियाबाद निवासी आरोपी अमित सिंह फरार है।
विद्याधर नगर थाने के उपनिरीक्षक सत्यनारायण सिंह राठौड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शिव नगर, मुरलीपुरा निवासी राहुल द्विवेदी, सहयोग अपार्टमेंट विद्याधरनगर निवासी विधि श्रीवास्तव और नांगल जैसा बोहरा निवासी सोनू शर्मा हैं। उनके खिलाफ हनुमान नगर एक्सटेंशन, सिरसी रोड निवासी रेखा गुप्ता ने केस दर्ज करवाया था। वह सुदर्शन काॅर्पोरेशन फर्म की डायरेक्टर है। उनकी फर्म घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की खरीद फरोख्त करने का काम करती है। रेखा गुप्ता ने बताया कि तीनों आरोपी इलेक्ट्रो जोन इलेक्ट्रॉनिक्स नाम की कंपनी में डायरेक्टर हैं। जिसका ऑफिस सेंट्रल स्पाइन विद्याधर नगर में था। आरोपियों ने रेखा गुप्ता की फर्म सुदर्शन काॅर्पोरेशन की मार्फत नेक्स्ट रिटेल इंडिया कंपनी से करीब 34.40 लाख रुपए के बिजली के उपकरण खरीदे थे। जिसका उन्होंने भुगतान नहीं किया और माल भी खुर्द-बुर्द कर दिया। कंपनी ऑफिस भी बंद कर दिया। रेखा गुप्ता के काफी संपर्क करने पर भी उन्होंने रुपए नहीं लौटाए। तब 21 फरवरी 2014 को उन्होंने केस दर्ज करवाया।