- Hindi News
- एक मर्यादा में गति कर रहा है संसार : स्वामी प्रियाशरण
एक मर्यादा में गति कर रहा है संसार : स्वामी प्रियाशरण
जयपुर| श्रीराधागोविंद सेवा समिति की ओर से विद्याधर नगर के सेक्टर-2 में माहेश्वरी जनोपयोगी भवन में चल रही भागवत कथा गुरुवार को संपन्न हुई। इस मौके पर स्वामी प्रियाशरण ने सुदामा चरित्र, शुकदेव विदाई पर प्रवचन सुनाई। कथा में फूलों की होली खेली गई। फूलों की होली में श्रद्धालु भाव विभोर होकर नाचे। इस मौके पर कथा आचार्य ने कहा कि सारा संसार एक मर्यादा में गति कर रहा है। सबकी अपनी-अपनी मर्यादा है, जो मर्यादा को नमन करता है उसको कोई नहीं बचा सकता। सुदामा चरित्र में उन्होंने कहा कि मित्रता कृष्ण सुदामा जैसी होनी चाहिए, जो विपत्ति में काम आए।
माहेश्वरी जनोपयोगी भवन में भागवत कथा के बीच फूलों की होली खेली गई।
भागवत वेदरूपी कल्पवृक्ष का अमर फल : मारुतिनंदन
हनुमाननगर, बी-ब्लाक, गौतम मार्ग के हनुमान वाटिका मंदिर में गुरुवार से भागवत कथा का आरंभ हुआ। पहले दिन पोथी यात्रा निकाली गई। इसके बाद पूजा के साथ कथा शुरू हुई। व्यासपीठ से कथा आचार्य पंडित मारुतिनंदन शास्त्री ने कहा कि भागवत वेदरूपी कल्पवृक्ष का अमर फल है और कलिकाल में सहज मोक्ष प्राप्ति का साधन है। श्राद्ध पक्ष में भागवत कथा श्रवण का विशेष महत्व है। जिन जीवों को गया श्राद्ध से भी मोक्ष प्राप्त नहीं होती, उन्हें भागवत श्रवण से सहज ही मोक्ष प्राप्त होती है। उधर वैशालीनगर के शिवकुंज में चल रही भागवत कथा में कथा आचार्य घनश्यामदास ने माखन चोरी लीला, चीर हरण लीला, कालिया नाग पर कृपा पर प्रवचन दिए।