दयोदय बेपटरी, हजारों जानें बचीं
जयपुर. जबलपुर-अजमेरदयोदय एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन शनिवार शाम 5.45 बजे जयपुर स्टेशन के आउटर पर उतर गया। ट्रेन के पटरी से उतरने के साथ ट्रेन तेज झटके से रुक गई। ट्रेन की गति करीब 25 किमी प्रति घंटा थी। हादसे के बाद यात्री घबरा गए और बच्चों के साथ नीचे उतर गए। आउटर पर हुए हादसे के कारण अन्य ट्रेनों को रोकना पड़ा और 15 से अधिक ट्रेनें दो से तीन घंटे लेट हुई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मौका मुआयना किया और इसके बाद 7.30 बजे ट्रेन को दूसरे इंजन की सहायता से प्लेटफार्म नंबर 1 पर पहुंचाया गया। 8.30 बजे पटरियों से उतरे इंजन को क्रेन की सहायता से पटरी पर चढा कर रवाना किया। हादसे के कारणों का पता करने के लिए जांच कमेटी गठित की गई है।
गड़बड़ी कहां- इंजन में या ट्रैक में
हादसेकी प्रारंभिक जांच में आला अधिकारी यह जानने में जुट गए हैं कि आखिर इंजन में गड़बड़ी थी या ट्रेक में। क्योंकि इसी ट्रेक पर से कुछ ट्रेनें गुजर चुकी थी, वहीं दूसरी ओर यदि इंजन में गड़बड़ी होती तो ट्रेन यहां तक कैसे पहुंच पाती। इसी को लेकर कई अधिकारी मौके पर ही आपस में उलझ पड़े। बाद में वहां पहुंचे डीआरएम वीरेन्द्र कुमार को भी अधिकारी अलग-अलग तर्क देने लगे। कुछ अधिकारियों ने डीआरएम को ट्रेन से निकले एक हिस्से को भी दिखाया।
जयपुर रेलवे स्टेशन के पास दयोदय एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया, जिससे जयपुर से आने-जाने वाली ट्रेनों पर असर पडा, यात्री परेशान होते रहे।