सभी ऑनलाइन सुविधाएं अब ई-मित्र पर भी
वाणिज्यिककर विभाग ने रजिस्ट्रेशन, ई-भुगतान, और रिटर्न की सुविधा को ई-मित्र से जोड़ दिया है। इसके साथ ही सभी संभागीय कार्यालयों पर ई-मित्र सुविधा केंद्र भी शुरू किए हैं। ऐसे छोटे व्यापारी जिनके पास अपना कंप्यूटर नहीं है अथवा जो इंटरनेट फ्रेंडली नहीं हैं वे सीधे इन सुविधा केंद्रों एवं ई-मित्र कियोस्क पर जाकर विभाग की ऑनलाइन सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इन सुविधाओं का इस्तेमाल करने में व्यापारी को कोई समस्या नहीं आए, इसके लिए वाणिज्यिक कर विभाग ने सुविधा केंद्रों पर अपना प्रशिक्षित स्टॉफ और मशीनरी भी लगाई है। उदाहरण के लिए अगर किसी कारोबारी को ऑनलाइन रिटर्न भरनी है तो सुविधा केंद्रों पर तैनात स्टॉफ निर्धारित शुल्क की एवज में कारोबारी की ऑनलाइन रिटर्न दाखिल करेगा। अब तक वाणिज्यिक कर विभाग इन सभी सुविधाओं को ऑनलाइन तो उपलब्ध करवा रहा था, लेकिन ये ई-मित्रों से नहीं जुड़ी थी। इससे छोटे तबके के उन व्यापारियों को राहत मिलेगी जिनके पास कंप्यूटर नहीं अथवा जो ऑनलाइन सुविधाओं का इस्तेमाल करना नहीं जानते थे। ऐसे में सुविधाएं ऑनलाइन होने के बाद भी उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए कर सलाहकारों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
^विभाग के सभी संभागीय कार्यालयों में व्यवहारी सुविधा केंद्र शुरू कर दिए गए हैं। विभाग की सभी ऑनलाइन सेवाओं को इससे जोड़ा गया है। इनके लिए निश्चित शुल्क भी निर्धारित किया गया है। -वैभवगालरिया,आयुक्त, वाणिज्यिक कर विभाग