- Hindi News
- केस वापस नहीं लिए तो शिक्षकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
केस वापस नहीं लिए तो शिक्षकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
स्कूल बचाने के लिए सड़क पर उतरी महाराजा बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल का बालिकाओं पर पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।
राजस्थान शिक्षक एवं कर्मचारी संघ (समायोजित) के प्रांतीय अध्यक्ष बिहारी लाल मिश्रा ने कहा कि छोटी चौपड़, महाराजा स्कूल की छात्राओं के खिलाफ पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए हैं। छात्राएं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही है ऐसी स्थिति में छात्र-छात्राएं पहले से ही मानसिक दबाव में है। पुलिस द्वारा छात्राओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने से उनकी पढ़ाई पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। अगर पुलिस ने मुकदमे वापस नहीं किए तो छात्राओं के हित में शिक्षक आंदोलन करेंगे।
उधर, छात्राओं के खिलाफ केस दर्ज करने के विरोध में शनिवार को कई स्वयंसेवी और महिला संगठनों ने कोतवाली थाने पर प्रदर्शन किया।
स्कूल बंद होने से बचाने के लिए छात्राओं ने 4 फरवरी को स्कूल के बाहर रास्ता रोक कर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने शुक्रवार को इन छात्राओं पर रास्ता रोकने और राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया था। इसकी सूचना मिलने पर कई संगठनों से जुड़े पदाधिकारी थाने पहुंचे और नारेबाजी कर एफआईआर को रद्द करने की मांग की। राजस्थान राज्य महिला शिक्षक संघ की प्रदेशाध्यक्ष कमला लांबा भी छात्राओं के पक्ष में उतर आई है। उन्होंने स्कूल का दौरा कर छात्राओं को स्कूल बचाने में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। लांबा ने कहा कि सरकार को कोर्ट के आदेशों का सम्मान रखते हुए ऐसा रास्ता निकालना चाहिए, जिससे बेटियों की पढ़ाई पर संकट खड़ा नहीं हो। जरूरत पड़ने पर सरकार को इस भूमि का अधिग्रहण करने से भी पीछे नहीं हटना चाहिए। कांग्रेस के मीडिया सेल की चेयरपर्सन अर्चना शर्मा ने कहा कि छात्राओं पर एफआईआर दर्ज करना गलत है। यह सरकार की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।
छोटी चौपड़ पर बने राजकीय महाराजा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के आधे हिस्से को बंद होने से बचाने के लिए बुधवार को सैकड़ों छात्राएं सड़क पर उतर आईं। उन्होंने रास्ता जाम कर िदया और किशनपोल बाजार में पांच घंटे तक िवरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान 10 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। एडीएम और जिला शिक्षा अधिकारी प्रथम द्वारा कोर्ट में इस मामले को मजबूती से रखने के आश्वासन पर छात्राएं शांत हुई। इसके बाद अगले दिन पुलिस ने विरोध प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के िखलाफ केस दर्ज कर लिया।