जयपुर. विद्याधर नगर डीटीओ ऑफिस की लाइसेंस शाखा में लर्निंग लाइसेंस के लिए अधिकृत इंस्पेक्टर ने ही बिना ट्रायल लिए करीब 300 स्थायी लाइसेंस जारी कर दिए हैं, जबकि स्थायी लाइसेंस के लिए दो इंस्पेक्टर अधिकृत किए हुए हैं। इनके द्वारा ही ड्राइविंग ट्रैक पर ट्रायल टेस्ट में पास होने पर लाइसेंस जारी होने चाहिए।
इस तरह से हो रहा है खेल
भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि स्थायी लाइसेंस के लिए आवेदक को पहले डीटीओ के पास जाना होता है। डीटीओ आवेदन फॉर्म पर मार्क कर स्थायी लाइसेंस बनाने वाले इंस्पेक्टर के पास भेजकर लर्निंग लाइसेंस बनाने वाले इंस्पेक्टर के पास भेज देते हैं, जहां इंस्पेक्टर बिना ड्राइविंग ट्रैक पर गए ही स्थायी लाइसेंस के लिए पास कर देता है।
ऑफिस में स्थायी लाइसेंस के लिए इंस्पेक्टर लगा रखे हैं। इन्हें ही ट्रायल में पास होने के बाद लाइसेंस जारी करना चाहिए। लर्निंग लाइसेंस पर लगे इंस्पेक्टर बिना ट्रायल के लाइसेंस जारी कर रहे हैं तो गंभीर बात हैं। -विजयपाल सिंह, आरटीओ