- Hindi News
- जयकारों के बीच निकली 1100 महिलाओं की कलश यात्रा
जयकारों के बीच निकली 1100 महिलाओं की कलश यात्रा
नवरात्रके मौके पर मां वैष्णो देवी प्रचार समिति के तत्वावधान में दिल्ली बाईपास स्थित लक्ष्मण डूंगरी पंचमुखी हनुमान मंदिर में शनिवार से सजने वाले मां वैष्णो देवी का साक्षात दरबार की कलशयात्रा शुक्रवार को निकाली गई। दरबार 29 सितंबर तक शाम 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक सजेगा। महोत्सव के तहत जोरावर सिंह गेट स्थित प्रेम गार्डन से 1100 महिलाओं की कलश यात्रा रवाना हुई। कलश यात्रा लवाजमे के साथ निकली। इसमें महिलाएं कलश लेकर चल रही थी। कलश यात्रा जोरावर सिंह गेट से पंचमुखी हनुमान मंदिर लक्ष्मण डूंगरी पहुंचकर संपन्न हुई। समिति संरक्षक राजेश डंगायच ने बताया कि 27, 29 सितंबर तक लक्ष्मण डूंगरी स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में वैष्णो देवी का दरबार सजेगा। इसमें 100 फीट ऊंचे त्रिकुट पर्वत पर, बाणगंगा, चरण पादुका, अद्धकुंवारी गुफा, हाथी मत्था, सांझी छत, भैरव मंदिर के साक्षात दर्शन, बर्फीले पहाड़ पर बिजली के कड़कने और बादलों की गर्जना आकर्षण का केंद्र रहेगी।