- Hindi News
- निम्स यूनिवर्सिटी चेयरमैन ने छात्रा से मांगी अस्मत
निम्स यूनिवर्सिटी चेयरमैन ने छात्रा से मांगी अस्मत
क्राइम रिपोर्टर रांची/ जयपुर
निम्सयूनिवर्सिटी के चेयरमैन डॉ. बीएस तोमर के खिलाफ एक छात्रा ने दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाकर रांची के चुटिया थाने में मामला दर्ज कराया है। छात्रा रांची की रहने वाली है। वह चंदवाजी में यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित पारा मेडिकल कॉलेज में बैचलर ऑफ रेडियेशन एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी की सेकंड ईयर में पढ़ाई कर रही है। उधर, तोमर का कहना है कि मामला गलत है। ऐसा कुछ भी नहीं है। छात्रा का आरोप है कि यूनिवर्सिटी के चेयरमैन डॉ. तोमर एक न्यूज चैनल के उद्घाटन के सिलसिले में गत वर्ष 25 अक्टूबर को रांची गए थे। छात्रा परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल हुई थी।
कार्यक्रम के बाद तोमर ने उसे बुलाया और कहा कि वे उसे स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत यूरोप भेजना चाहते हैं। इस विषय में कुछ बातचीत करनी है, थोड़ी देर रुको। थोड़ी देर बाद तोमर ने उसे अपने कमरे में बुलाया और कहा-यूरोप भेजकर मैं तुम्हारा कॅरिअर बनाना चाहता हूं। इसके बाद पास में बैठ गए और जोर जबरदस्ती करने लगे। विरोध करने पर तुरंत छोड़ दिया। छह नवंबर को छात्रा कॉलेज गई। सात नवंबर को तोमर ने उसे अपने चैंबर में बुलाया और पुन: यूरोप की बात करने लगे। उसके बाद से उन्होंने कई बार शाम में अपने चैंबर में बुलाया और कॅरिअर बनाने की बात कह अभद्रता की।
तोमर के खिलाफ धारा 376(सी), 511, 354, 354(ए), 356बी और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एसआई बीपी सिंह कर रहे हैं।
मोबाइल रिकार्डिंग पुलिस को सौंपी
चारफरवरी को तोमर ने अपने मोबाइल से फोन किया और 47 मिनट बातचीत की। इसकी रिकार्डिंग छात्रा ने पुलिस को दी है। छात्रा का कहना है कि तोमर ने उसे इंटीमेट के लिए कहा। इसके बाद शाम को वह चंदवाजी स्थित यूनिवर्सिटी कैंपस से बाहर निकली और जयपुर पहुंची। यहां से पापा को फोन कर चेयरमैन की हरकतों की जानकारी दी। पांच फरवरी को छात्रा रांची पहुंची और अगले दिन चेयरमैन के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया।